न्यूयॉर्क। दुनियाभर के अरबपतियों के आलीशान बंगले भारत के सबसे अमीर उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित आलीशान बंगले 'अंतिला' के सामने कहीं नहीं ठहरते हैं। प्रतिष्ठित अमेरिकी पत्रिका फोर्ब्स द्वारा जारी दुनिया के अरबपतियों के सबसे महंगे घरों की सूची में अंतिला शीर्ष पर है। इस सूची में भारतीय मूल के उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल के लंदन स्थित घर भी शुमार हैं।
करीब चार लाख वर्ग फुट में बने 27 मंजिला अंतिला का नाम अटलांटिक महासागर के एक काल्पनिक द्वीप के नाम पर रखा गया है। फोर्ब्स के अनुसार दुनिया की सबसे महंगी प्रापर्टी का खिताब अभी भी मुकेश के नाम है। अंतिला को बनाने की लागत करीब एक से दो अरब डॉलर आई थी। इस घर में हेल्थ क्लब, जिम, डांस स्टूडियो, बॉलरूम तथा गेस्टरूम हैं। इसके साथ ही यहां तीन हेलीपैड, एक गार्डन, 160 वाहनों के लिए भूमिगत पार्किंग तथा पचास सीटों के स्क्रीनिंग रूम की सुविधा भी है। इसके रखरखाव के लिए छह सौ कर्मचारी हैं। अंतिला की ऊंचाई और निर्माण लागत को ध्यान में रखते हुए फोर्ब्स ने इसकी तुलना मैनहटन में ग्राउंड जीरो के पास स्थित 52 मंजिला टावर '7 वर्ल्ड ट्रेड सेंटर' से की है। करीब 17 लाख वर्ग फुट में बने इस ट्रेड सेंटर के निर्माण की लागत दो अरब डॉलर आई थी।
दुनिया के 21 सबसे महंगे अरबपति घरों की सूची में मित्तल के लंदन के किंगस्टन पैलेस गार्डेस स्थित आलीशान घर पांचवें और 18वें स्थान पर हैं। दरअसल, मित्तल के उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र 'बिलिनेयर्स रो' में तीन घर हैं। इनमें इजरायली दूतावास के पास स्थित जार्जियन भवन भी शामिल है। फोर्ब्स के मुताबिक अटकलें लगाई गई थीं कि उन्होंने यह बंगला अपने बेटे के लिए खरीदा था। इस बंगले की कीमत वर्ष 2008 में करीब 22.2 करोड़ डॉलर थी। यह अब कथित तौर पर बिक्री के लिए उपलब्ध है। इसी क्षेत्र में मित्तल ने वर्ष 2004 में 55 हजार वर्ग फुट में फैले एक अन्य घर को नौ करोड़ डॉलर में अरबपति बर्नी एकलस्टन से खरीदा था। इसकी साजसज्जा पर लाखों डॉलर खर्च करने के बाद उन्होंने इसका नाम 'ताज मित्तल' रखा था। इस घर में 12 कमरे, पूल है। इसमें लगा संगमरमर उसी खदान से आया था जिसका प्रयोग ताजमहल में हुआ है। सूची में दूसरे स्थान पर ब्राजीलियन समाजसेवी लिली साफ्रा का फ्रांस स्थित 'विला लियोपोल्डा' है। अमेरिकी निवेशक और व्यवसायी इरा रेननर्ट का न्यूयॉर्क के सागापोनाक स्थित घर दुनिया का तीसरा सबसे महंगा घर है।
No comments:
Post a Comment
Thanks to give u valuable feedback