नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के भाजपा के दावों पर अब एक्जिट पोल ने भी मुहर लगा दी है। सभी नौ चरणों के मतदान के आधार पर किए गए अधिकांश एक्जिट पोल में राजग को पूरा बहुमत मिलता दिखाया गया है। इनके मुताबिक हिंदी भाषी राज्यों से कांग्रेस का सफाया हो सकता है और वह सिर्फ दो अंकों में सिमट सकती है। उत्तर प्रदेश, बिहार के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और हरियाणा जैसे राज्यों में एक्जिट पोल मोदी की लहर के स्पष्ट संकेत दे रहे हैं। ज्यादातर सर्वेक्षणों ने राजग को बहुमत दिया है वहीं, लोकसभा चुनावों से ऐन पहले हुए विधानसभा चुनावों में सबसे सटीक भविष्यवाणी करने वाले टुडेज चाणक्य के सर्वेक्षण ने तो अकेले भाजपा को पूर्ण बहुमत से आगे का आंकड़ा दे दिया है।
हिंदी पंट्टी से लेकर पश्चिम और दक्षिण कहीं से भी एक्जिट पोल में कांग्रेस के लिए अच्छी खबरें नहीं आ रही हैं। पिछली दो बार से लगातार मजबूती देते रहे आंध्र प्रदेश में भी कांग्रेस बंटवारे का कार्ड खेलने के बाद भी धड़ाम रही। आंध्र प्रदेश में जगन मोहन रेड्डी इससे आगे निकलते दिखाए गए हैं। वैसे कांग्रेस ने एक्जिट पोल पर होने वाली किसी भी बहस का बहिष्कार किया है और उसने वर्ष 2004 और 2009 के चुनावों में एक्जिट पोल गलत साबित होने का उदाहरण दिया है। चुनाव के नतीजे चार दिन बाद शुक्रवार को आने वाले हैं।
बहरहाल, सभी एक्जिट पोल केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार बनती और कांग्रेस की अब तक की सबसे बुरी हार होती दिखा रहे हैं। इनमें आज तक-सीसरो जहां राजग को 272 सीटें मिलते दिखा रहा है, वहीं इंडिया टीवी-सी वोटर इसे 289 सीटों के साथ अच्छी बढ़त पाता दिखा रहा है। टाइम्स नाऊ-ओआरजी मार्ग ने राजग को 249 सीटें मिलने की भविष्यवाणी जरूर की है, लेकिन ऐसी स्थिति में भी यह गठबंधन जरूरी सीटों से ज्यादा दूरी पर नहीं है।
इसी तरह आज तक-सीसरो ने जहां कांग्रेस नेतृत्व वाले संप्रग को 115 सीटें दी हैं, वहीं अन्य दलों के लिए 156 सीटें रखी हैं। इंडिया टीवी-सी वोटर ने संप्रग को 101 सीटें दी हैं। एक्जिट पोल में आम आदमी पार्टी भी लगभग पांच सीटों के साथ अपने पहले चुनाव में खाता खोल रही है। हालांकि, यह नहीं भुला जा सकता कि वर्ष 2004 में तो ऐसे अधिकांश सर्वेक्षण भाजपा नेतृत्व की सरकार आती दिखा रहे थे। पिछले विधानसभा चुनावों में सबसे सटीक आकलन देने वाली सर्वेक्षण एजेंसी टुडेज चाणक्य ने अकेले भाजपा को 291 और राजग 340 सीटें दी हैं और कांग्रेस को आपातकाल के बाद से भी कम यानी 57 सीटों का अनुमान लगाया है।
'देश की जनता इस बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजग को पूर्ण बहुमत देना चाहती है। हमें पूरा विश्वास है कि भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को प्रामाणिक व प्रभावी बहुमत मिलेगा और हम देश के आर्थिक विकास व पुर्नुत्थान के लिए पूरा प्रयास करते हुए देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।'
-राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष
---------------------
'वोटों की गिनती तो 16 मई को होगी, लेकिन आज हमारे विजेता होने में कोई संदेह नहीं है और ये भारत की जनता है। एक बार फिर भारत की जीत हुई है, बैलेट की जीत हुई है और लोकतंत्र की भावना विजयी हुई है।'
No comments:
Post a Comment
Thanks to give u valuable feedback