Friday, 2 May 2014

नतीजों से पहले ही मोदी ने बनाया विश्व रिकार्ड

नई दिल्ली  चुनावी नतीजों की बात छोड़ भी दी जाए तो चुनाव प्रचार में ही नरेंद्र मोदी ने एक तरह से विश्व रिकार्ड बना दिया है। भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार घोषित होने से लेकर चुनाव प्रचार के अंतिम दिन, 10 मई तक वह तीन लाख किलोमीटर की यात्रा कर 423 रैली कर चुके होंगे। अगर उनके दूसरे कार्यक्रम, 'चाय पर चर्चा' और 3डी रैली भी जोड़ दिए जाएं तो संख्या लगभग छह हजार तक पहुंच जाएगी।
मंगलवार को भाजपा ने मोदी की अब तक की रैलियों का आंकड़ा सार्वजनिक किया। साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया है कि मोदी को अगर चुनाव का नेतृत्व दिया गया तो उन्होंने इसे बखूबी पूरा भी किया है। लगभग अकेले दम पूरे देश को मथ दिया। पीएम प्रत्याशी घोषित होने के बाद मोदी ने 21 राज्यों में 38 मेगा रैली की, जिसमें पटना की वह रैली भी शामिल थी जहां मंच के आसपास कई धमाके हुए थे। चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत 26 मार्च को वैष्णो देवी के दर्शन के बाद शुरू की गई थी। नाम दिया गया भारत विजय रैली। कुल 45 दिनों में मोदी 196 रैली पूरी कर चुके होंगे। औसतन चार रैली रोजाना। अचंभित करने वाला यह आंकड़ा देश तो क्या पूरे विश्व में किसी ने नहीं छुआ होगा। मोदी की रैलियों की विशेषता रही है कि वह जनता से सीधा संपर्क साधने की कोशिश करते रहे। अभियान को बढ़ाते हुए रैली स्थल से बाहर आकर चाय पर चर्चा के जरिए गली मोहल्लों और नुक्कड़ों तक पहुंच गए। उनका लक्ष्य था कि चाय पर चर्चा कार्यक्रम के जरिए 2 करोड़ लोगों से सीधा संपर्क किया जा सके। आधुनिक तकनीक के मोदी दीवाने रहे हैं। 3डी रैली इसी का उदाहरण है। लोकसभा चुनाव में 1350 स्थानों पर उनकी 3डी होलोग्राम रैली हो चुकी है या होने वाली है। मेगा रैली- 38
भारत विजय रैली- 196
अन्य कार्यक्रम- 241
3डी रैली- 1350 स्थान
चाय पर चर्चा- 4000 स्थान
रोड शो (वडोदरा, वाराणसी)- 2

No comments:

Post a Comment

Thanks to give u valuable feedback