Wednesday, 7 May 2014

आप मुझे मजबूत सरकार दें, मैं मजबूत भारत दूंगा: मोदी

भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने-अपने राज्यों में सभी नूराकुश्ती करते हैं, लेकिन दिल्ली में सपा, बसपा, राजद और जदयू एक ही थाली में खाते हैं और मैडम उन्हें परोसती हैं। उन्होंने जनता से कहा कि आप मुझे मजबूत सरकार दें, मैं मजबूत भारत दूंगा। नरेन्द्र मोदी ने कहा कि गुजरात से आकर चम्पारण की धरती पर गांधी ने जो तपस्या की थी, उसका पुण्य मुझे मिलेगा। मैं तपस्या को कभी बेकार नहीं होने दूंगा। आपके प्यार को विकास के रूप में लौटा दूंगा।
मोदी बुधवार को वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के रामनगर में भाजपा प्रत्याशी सतीशचंद्र दुबे और पश्चिम चंपारण लोस क्षेत्र के बेतिया में भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजय जायसवाल के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। 

मोदी ने कहा कि किसानों को कांग्रेस नहीं, भाजपा बचा सकती है। भाजपा की सरकार बनने पर किसानों को उनकी पैदावार की लागत पर 50 फीसदी मुनाफे के साथ समर्थन मूल्य दिया जाएगा। कांग्रेस कभी हिन्दुस्तान को अपनी जेब में मानती थी, लेकिन आज अमेठी में ही उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। ऐसा पहली बार हो रहा है कि कांग्रेस का खाता भी देश में नहीं खुल रहा है। इस बार तो चुनाव की घोषणा के साथ ही नतीजा स्पष्ट हो गया। सभी जान गए कि भाजपा की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि लोग उन पर नीच राजनीति करने का आरोप लगाते हैं, जबकि कांग्रेस सरकार आकंठ घोटालों में डूबी हुई है।

उन्होंने लोगों से पूछा कि कोयला घोटाला और कॉमनवेल्थ गेम घोटाला नीच राजनीति है या नहीं। पाकिस्तान हमारी सेना के जवानों का सर काटकर ले जा रहा है और दिल्ली की सरकार पाक पीएम को चिकन बिरयानी खिलाए तो यह नीच राजनीति है या नहीं। भीड़ का जवाब हां में आता रहा।

मोदी ने कहा कि आदिवासियों और बंगालियों की सुधि कांग्रेस ने नहीं ली। कांग्रेस को यह भी पता नहीं था कि देश में आदिवासी भी रहते हैं। लेकिन जब भाजपा की सरकार केंद्र में आई तो आदिवासियों के लिए मंत्रालय के गठन के साथ धन भी मुहैया कराया गया। उन्होंने कहा कि हम देश के विकास के लिए सोचते हैं। यही हमारा एजेंडा है, लेकिन कांग्रेस व उनके  समर्थक दलों का एक ही एजेंडा है - मोदी को रोकना।

उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों के 60 साल के शासन में हुए घोटालों की लिस्ट पर अगर 60 दिन भी बोलता रहूं तो उसका अंत नहीं होगा। अब हम देश नहीं लुटने देंगे। स्थानीय लोगों के नब्ज पर हाथ रखते हुए मोदी ने कहा कि यहां 60 के दशक में पंडित नेहरू आये थे। उन्होंने कहा था कि बेतिया हिन्दुस्तान का पांचवां मेट्रो सिटी बनेगा। परंतु उनके बाद उनकी बेटी, फिर बेटी के बाद उनके बेटे, फिर मां- बेटे का राज हुआ। परंतु वे अपने पूर्वजों की इच्छा पूरा नहीं कर सके।

No comments:

Post a Comment

Thanks to give u valuable feedback