Friday, 16 May 2014

125 करोड़ देश वासियों की होगी अगली सरकार: मोदी

लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद नरेंद्र मोदी पहली वडोदरा पहुंचे और उन्होंने वहां की जनता को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि वह नामांकन के बाद केवल पचास मिनट के लिए यहां पर आए थे लेकिन इसके बाद भी यहां की जनता ने उन्हें पांच लाख सत्तर हजार मतों से उनकी जीत दर्ज कराकर उनका सर गर्व से ऊंचा कर दिया है। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है।

अपने धन्यवाद भाषण में उन्होंने यह भी बता दिया कि अब भाजपा की सरकार अगले पंद्रह वर्षो तक कहीं नहीं जाने वाली है। उन्होंने कहा कि जो आज बच्चे हैं वह पंद्रह वर्ष के बाद अपना वोट डालने के काबिल हो जाएंगे, इसकी फौज भी अब तैयार हो गई है।

उन्होंने गुजरात की जनता को राज्य की सभी सीटों पर जीत दिलाने के लिए जनता को बधाई दी। इसको उन्होंने हिंदुस्तान के लोकतंत्र की नई दिशा बताया। मोदी ने कहा कि आने वाली सरकार सवा सौ करोड़ देशवासियों की होगी, जो उनके सपनों को साकार करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी देश की जनता और वडोदरा ने उन्हें दी है वह इससे दोगुना करके वापस जनता को लौटाएंगे। उन्होंने कहा कि वह यहां का विकास करने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।

मोदी ने कहा कि इस जनता ने उन्हें बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। इस दौरान उन्होंने बनारस में मिली जीत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी के मौन को जिस तर्ज पर बनारस के लोगों ने जीत दिलाई है यह उनके जीवन की महत्वपूर्ण घटना है। उन्होंने वडोदरा में कहा कि जनता ने इस चुनाव में भाजपा को जीत दिलाकर नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस मौके पर नारा दिया सबका साथ, सबका विकास।

उन्होंने कहा कि वडोदरा की जनता ने जो मतदाता अभियान चलाया वह देश के इतिहास में पहली घटना है। उन्होंने इसके लिए जनता को बधाई भी दी। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग को भी निष्पक्ष चुनाव कराने पर बधाई दी। मोदी ने कहा कि इस चुनाव में लोकतंत्र में देश की जनता ने अपनी ताकत दिखा दी है। उन्होंने कहा कि वह कहीं भी रहें लेकिन यहां के लोगों की परेशानी उनको पता लग ही जाती है।

मोदी ने कहा कि भारत के राजनीतिक इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब कांग्रेस के अलावा किसी एक दल को जनता ने सरकार बनाने के लिए स्पष्ट जनादेश दिया हो। इस मौके पर उन्होंने देश में बनी गठबंधन सरकारों का भी जिक्र किया। इस दौरान जनता मोदी, मोदी का नारा भी लगाती रही। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने एनडीए को तीन सौ से अधिक सीटें दिलाकर ट्रिपल सेंचुरी लगाई है।

मोदी ने कहा कि देश की अगली सरकार सभी को साथ लेकर चलने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता ने उन्हें चार पर राज्य की सत्ता पर बिठाया है, तब से उन्होंने राज्य के विकास के लिए एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली है। इस मौके पर उन्होंने 16वीं लोकसभा में चुनकर आने वाले सांसदों को भी बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह सरकार चलाने और देश का विकास करने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने वंदे मातरम के साथ अपने भाषण को समाप्त भी किया।

No comments:

Post a Comment

Thanks to give u valuable feedback